दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिवनी जिले की एक 48 वर्षीय महिला पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर करीब 62 किलोमीटर का सफर तय कर जबलपुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंची। महिला ने पड़ोसियों द्वारा मारपीट, धमकी और पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी प्रमोद वर्मा ने सिवनी पुलिस अधीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पीड़िता सावित्री चड़ार, निवासी धूमा (जिला सिवनी), ने बताया कि वह फल बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनका आरोप है कि पड़ोसी कृष्ण कुमार तिवारी और उसके परिवार के सदस्य पिछले तीन माह से उन्हें और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। कई बार घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने की घटनाएं भी हुई हैं, जिससे उनका परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर है।
ठेला पलटने के बाद बढ़ा विवाद
महिला के अनुसार, 18 अप्रैल की रात फल बेचकर लौटते समय सड़क पर डाली गई मिट्टी के कारण उनका ठेला पलट गया और फल सड़क व नाली में बिखर गए। बाद में जब वह और उनके पति सड़क से मिट्टी हटाने लगे तो पड़ोसी ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति के साथ भी मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि आरोपी परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर हमला किया। साथ ही घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।
पुलिस पर शिकायत दबाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह धूमा थाने पहुंचीं, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने सिवनी एसपी, कलेक्टर और जनसुनवाई में भी शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। उनका दावा है कि पुलिस ने उनका मोबाइल लेकर शिकायत भी बंद करवा दी।
आईजी ने दिए जांच के निर्देश
लगातार कार्रवाई नहीं होने से परेशान महिला मंगलवार को पैदल, ऑटो और अन्य साधनों से जबलपुर पहुंचीं और आईजी प्रमोद वर्मा से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कथित मारपीट से जुड़े वीडियो भी आईजी को दिखाए। शिकायत सुनने के बाद आईजी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सिवनी पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी किए हैं।
Tags
jabalpur
