दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोरखपुर अंतर्गत नगर निगम कार्यालय के सामने फुल्की (पानीपूरी) का ठेला लगाने वाले एक युवक पर रंगदारी न देने को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर गली नंबर 2 निवासी शुभम गुप्ता (27 वर्ष) नगर निगम के सामने फुल्की का ठेला लगाता है। बीती रात लगभग 7:30 बजे जब वह अपने ठेले पर था, तभी सेठीनगर निवासी केशु नामक युवक वहाँ पहुँचा। आरोपी केशु ने शुभम से जबरन एक हजार रुपये की मांग की।
जब शुभम ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी तैश में आ गया। उसने शुभम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में शुभम की दोनों जांघों में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी केशु उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल युवक की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने आरोपी केशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी) , 119(1), और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Tags
jabalpur
