दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कंचनपुर क्षेत्र में दबिश देकर ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगा रहे 8 जुआड़ियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से हजारों रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंचनपुर मैदा मिल के पास एक बरामदे में कुछ जुआड़ी ताश पत्तों पर रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस की टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर ताश पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगा रहे सभी 8 जुआड़ियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम क्रमशः प्रदीप जैन (दीक्षितपुरा, कोतवाली), अभय सोनी (फूटाताल, बेलबाग), राहुल ताम्रकार (दीक्षितपुरा, कोतवाली), आलोक सोनी (दीक्षितपुरा, हाल निवासी समता कॉलोनी गोहलपुर), अतुल सोनी (उपरैनगंज, कोतवाली), रवि जैन (सराफा, कोतवाली), बाबर उर्फ जहीरूद्दीन खान (मौलाना की गली, कोतवाली) और शैलेन्द्र अग्रवाल (घोड़ा नक्काश, हनुमानताल) बताए।
पुलिस ने पकड़े गए जुआड़ियों के पास से और जुआ फड़ से ताश के 52 पत्ते तथा कुल 11 हजार 380 रुपये नकद जब्त किए हैं। अधारताल पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।
Tags
jabalpur
