Jabalpur News: मदन महल फ्लाईओवर से घर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले आरोपी पर 5,000 का इनाम घोषित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
मदन महल थाना अंतर्गत फ्लाईओवर से नीचे एक घर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले अज्ञात आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने 5,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। इस खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया था।

मामला मदन महल थाना क्षेत्र का है, जहां बीते 3 मई को एक बेहद हैरान करने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। मदन महल फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले रुद्रांश बाण के घर पर, फ्लाईओवर के ऊपर से किसी अज्ञात शख्स ने अचानक ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। यह हमला इतना अप्रत्याशित था कि घर पर मौजूद रुद्रांश का भाई, शिवांश बाण, इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। वारदात के फौरन बाद शिवांश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मदन महल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों की देखरेख के बाद अब पीड़ित शिवांश की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। जांच के दौरान पुलिस को कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी मदद से संदेहियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी कराने या उसके संबंध में सही सूचना देने वाले के लिए 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post