दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में एक महिला ने रेत कारोबारी पर उधार की रकम लौटाने के नाम पर 15 लाख रुपये के नकली नोट देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि नोटों की गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में बड़ी संख्या में नकली नोट रखे गए थे। जब उसने कारोबारी से इसकी शिकायत की तो रुपए वापस करने के बजाय उसे धमकाया गया। मामले की शिकायत लेकर महिला बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंची, जहां डीएसपी ने बेलखेड़ा थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं।
पुराने लेनदेन के भरोसे स्वीकार किए रुपए
बेलखेड़ा निवासी गायत्री लोधी ने शिकायत में बताया कि उसका आनंद सिंह नामक व्यक्ति से लंबे समय से पैसों का लेनदेन चलता रहा है। पहले भी आनंद उससे कई बार रुपए लेकर समय पर लौटा चुका था, इसलिए इस बार भी उसने उस पर भरोसा किया।
महिला के मुताबिक करीब दो महीने पहले आनंद सिंह ने फोन कर बताया था कि उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच में जांच चल रही है, इसलिए पुराने नंबर पर संपर्क न करें। बाद में उसने नया नंबर देने की बात कही।
दो युवकों के हाथ भेजी थी 15 लाख की रकम
गायत्री लोधी के अनुसार 27 जून को आनंद सिंह का फोन आया कि उसके 15 लाख रुपए दो युवक लेकर आ रहे हैं। कुछ देर बाद आर्यन और अनुज नाम के दो युवक घर पहुंचे। अनुज घर के अंदर आया और कहा कि यह रकम आनंद सिंह ने भेजी है।
महिला ने बताया कि पहले के लेनदेन में उसे कभी कोई परेशानी नहीं हुई थी, इसलिए उसने बिना शक किए रुपए अपने पास रख लिए।
पोस्ट ऑफिस में जांच के दौरान निकले नकली नोट
महिला के अनुसार अगले दिन 28 जून को वह रकम जमा कराने पोस्ट ऑफिस पहुंची। वहां पोस्ट मास्टर ने नोटों की जांच की तो पता चला कि गड्डियों के ऊपर और नीचे कुछ नोट असली थे, लेकिन बीच में रखे अधिकांश नोट नकली थे।
इसके बाद महिला ने सभी गड्डियों की जांच कराई, जिसमें कई नकली नोट पाए गए। वह पूरी रकम लेकर वापस घर लौट आई।
रेत कारोबारी पर धमकाने का आरोप
गायत्री लोधी का आरोप है कि वह नकली नोट लेकर आनंद सिंह के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। लेकिन रुपए वापस करने के बजाय उसने गाली-गलौज की और धमकाना शुरू कर दिया।
महिला का कहना है कि उसने पहले बेलखेड़ा थाने में शिकायत की, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह 29 जून को एसपी कार्यालय पहुंची, जहां शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कारोबारी ने आरोपों से किया इनकार
पुलिस पूछताछ में आरोपी आनंद सिंह ने महिला के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने पूरी रकम असली नोटों में दी थी। नोट नकली कैसे निकले, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है।
वहीं महिला का आरोप है कि आनंद सिंह रेत का कारोबार करता है और स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली होने के कारण पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डीएसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
डीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर बेलखेड़ा थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में जिन व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur


.jpeg)