दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली क्षेत्र में पूमा कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर नकली स्लाईडर्स (चप्पल) बेचने वाले दो थोक विक्रेताओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली की एक लॉ फर्म की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग दुकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों दुकानदारों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकरी के अनुसार, 'एल्यूडिकेशन एडवोकेट एण्ड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म' (न्यू दिल्ली) के प्रतिनिधि मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को शिकायत दी थी कि कोतवाली क्षेत्र में कुछ दुकानों पर पूमा कंपनी के ट्रेडमार्क का उपयोग करके नकली स्लाईडर्स बेचे जा रहे हैं, जिससे कंपनी की साख खराब हो रही है और ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने टीम के साथ छापामार कार्रवाई की।
पुलिस की टीम ने तुलाराम चौक स्थित 'मैडम फुटवेयर' और जामा मस्जिद के पीछे अंधेरदेव स्थित 'आर.के. फुटवेयर' पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मैडम फुटवेयर के संचालक पंकज खत्री (33 वर्ष) निवासी पूर्वी बेलबाग और आर.के. फुटवेयर के संचालक आवेद अली (50 वर्ष) निवासी आनंद नगर गोहलपुर की दुकानों से पूमा कंपनी के लोगो वाले हूबहू दिखने वाले नकली स्लाईडर्स के भारी जखीरे मिले।
पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाईडर्स बरामद किए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 77 हजार 600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया है और आरोपियों के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 और 63 के तहत वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से स्थानीय फुटवेयर बाजार में हड़कंप मच गया है।
Tags
jabalpur
