राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा: आरोपी अविनाश के ठिकाने से 20 लाख नकद, 1121 डॉलर और 'रामराज्य कोष' लिखी संदूक बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब आरोपी अविनाश शुक्ला के अयोध्या स्थित ठिकाने से करीब 20.39 लाख रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.06 लाख रुपये), सोने-चांदी के आभूषण और 'रामराज्य कोष' लिखी एक संदूक बरामद होने की जानकारी सामने आई है। संदूक पर पेटीएम का क्यूआर कोड भी चिपका मिला है। पुलिस ने 28 जून को योग केंद्र में छापेमारी के दौरान इसे जब्त किया था, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला के पास से बरामद हुई है। इसके अलावा अनुकल्प मिश्रा के पास से 16.82 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा के पास से 14.25 लाख रुपये, करुणेश पांडेय के पास से 18.07 लाख रुपये, रमाशंकर मिश्रा के पास से 7.32 लाख रुपये, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास से एक लाख रुपये और मनीष यादव के पास से दो लाख रुपये बरामद किए गए हैं। कुल बरामदगी करीब 79.85 लाख रुपये और 1121 अमेरिकी डॉलर बताई गई है।

मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) को सरकार ने 15 जुलाई तक का अतिरिक्त समय दिया है। सूत्रों के मुताबिक जांच का दायरा बढ़ाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी शामिल किए जाने पर विचार किया जा रहा है। मंगलवार को एसआईटी ने फैजाबाद जेल में बंद सभी आठ आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें अविनाश शुक्ला से करीब दो घंटे तक सवाल-जवाब किए गए।

जांच अब केवल आरोपियों तक सीमित नहीं है। राम मंदिर परिसर में तैनात करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के दायरे में हैं। उनकी ड्यूटी, रोस्टर, सीसीटीवी फुटेज और एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और निजी सुरक्षा एजेंसी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

इधर, मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विभिन्न दलों के नेताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी गठित की है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ और यूरिन संक्रमण की शिकायत के बाद भर्ती किया गया है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट अब 15 जुलाई तक आने की संभावना है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post