दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में महिला यात्री के गले से मंगलसूत्र और अन्य जेवर झपटने वाले 21 वर्षीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद रेलवे के दो सुरक्षा बल—आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP)—कार्रवाई का श्रेय लेने को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। दोनों विभाग आरोपी तक पहुंचने और गिरफ्तारी में अपनी-अपनी अहम भूमिका होने का दावा कर रहे हैं।
घटना 11 जुलाई को प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी 22192 ओवरनाइट एक्सप्रेस में हुई थी। ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री के गले से आरोपी मंगलसूत्र और अन्य सोने के आभूषण झपटकर फरार हो गया था। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी।
आरपीएफ के मुताबिक घटना के तुरंत बाद स्टेशन परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया गया और पूरी जानकारी जीआरपी को उपलब्ध कराई गई।
आरपीएफ का दावा है कि उनकी कार्रवाई के आधार पर सोहित उर्फ शाहिद अंसारी (21) निवासी मक्का नगर, थाना हनुमानताल को पकड़ा गया। उसके कब्जे से करीब 35,500 रुपए कीमत का मंगलसूत्र और अन्य सोने के आभूषण बरामद किए गए।
वहीं जीआरपी का कहना है कि स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात स्वीकार कर ली।
जीआरपी के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का पेंडेंट और चार सोने की गुरियां सहित करीब 35,500 रुपए कीमत के आभूषण बरामद किए गए।
सोमवार को जीआरपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद आरपीएफ ने भी अलग प्रेस नोट जारी कर दावा किया कि आरोपी को ट्रेस करने और पकड़वाने में उनकी मुख्य भूमिका रही। हालांकि आरपीएफ ने यह भी स्वीकार किया कि कार्रवाई के दौरान जीआरपी के दो पुलिसकर्मी उनके साथ मौजूद थे।
Tags
jabalpur
