दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में विभागाध्यक्षों के प्रभार में फेरबदल किया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार रोटेशन नीति के तहत वरिष्ठ चिकित्सकों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना सिंह को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
डॉ. अर्चना सिंह वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में मेडिकल एजुकेशन कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। विभागाध्यक्ष बनने के बाद भी वह अपने पूर्व दायित्व का निर्वहन करती रहेंगी।
जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति अधिकतम दो वर्ष अथवा आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। रोटेशन नीति के तहत जारी आदेश में रेडियोथेरेपी विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. श्यामजी रावत, रेडियोडायग्नोसिस विभाग की विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. रेखा अग्रवाल तथा नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. पद्मिनी बरखड़े को भी नियुक्त किया गया है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारियों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
Tags
jabalpur

