दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-नरसिंहपुर सीमा पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत के बाद सोमवार को पावला गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे पर पांचों के शव रखकर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया और फरार हाइवा चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के करीब 18 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस हाइवा और उसके चालक का पता नहीं लगा सकी। इससे नाराज लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए तथा मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।
तीन घंटे तक ठप रहा नेशनल हाईवे
शव रखकर किए गए प्रदर्शन के कारण भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पांच युवकों की गई जान
इस दर्दनाक घटना में राजेंद्र पटेल (30), वीरेंद्र लोधी (20), राजपाल लोधी (21), जयपाल लोधी (30) और नीरज लोधी (20) की मौत हो चुकी है। अन्य घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। सोमवार शाम करीब 5 बजे पांचों का अंतिम संस्कार किया गया।
दोनों पहलुओं से होगी जांच
पुलिस का कहना है कि फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की सड़क दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
