Jabalpur News: गोहलपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार; 10 चोरी के दोपहिया वाहन और 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 दोपहिया वाहन और 10 ई-रिक्शा की बैटरियां बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई को आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में चोरी के वाहन के साथ कुछ संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहम्मद शादाब खान (19) और फैजान खान (20) को हनुमानताल क्षेत्र से पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी शाहरुख खान उर्फ टूटी (28) के साथ मिलकर 10 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने शाहरुख खान को मक्का नगर, मोहरिया से गिरफ्तार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक्टिवा 125, टीवीएस अपाचे, होंडा लियो, पैशन प्रो, स्प्लेंडर प्लस, पल्सर एनएस, स्प्लेंडर और बजाज पल्सर सहित कुल 10 चोरी के वाहन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ये वाहन गोहलपुर, ग्वारीघाट, गोरखपुर, मदन महल, अधारताल, ओमती और रांझी थाना क्षेत्रों के अलावा कटनी जिले की सिलौड़ी चौकी क्षेत्र से चोरी किए गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। फैजान खान के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध शराब सहित 12 मामले, जबकि शाहरुख खान उर्फ टूटी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अवैध हथियार से जुड़े 14 अपराध दर्ज हैं।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला और चौधरी मोहल्ला रही चौकी क्षेत्र से चोरी हुई 10 ई-रिक्शा बैटरियों के मामले में भी कार्रवाई की। पुलिस ने मोहम्मद फैजल अंसारी (20), मोहम्मद इमरान (18) और मोहम्मद अशफाक (18) को गिरफ्तार कर चोरी की बैटरियां बरामद की हैं। तीनों आरोपी गोहलपुर और अधारताल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post