Jabalpur News: कट्टा अड़ाकर एक्सिस लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी स्कूटी और हथियार बरामद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना पुलिस ने कट्टा अड़ाकर एक्सिस स्कूटी लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल, देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को समदड़िया ग्रीन सिटी माढ़ोताल निवासी 56 वर्षीय धर्मपाल सिंह राजपूत ने घमापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह करियापाथर मरघटाई खारी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान काली मंदिर मरघटाई के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। एक आरोपी ने देशी कट्टा अड़ाया, जबकि दूसरे आरोपियों ने छीना-झपटी की। इसी दौरान एक आरोपी उनकी एक्सिस स्कूटी क्रमांक MP 20 ZB 2684 लेकर फरार हो गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 477/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर राम मंदिर के पास मैदान में दबिश देकर साहिल सेन (19) और राज सोनकर (21) को पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सम्मान रैकवार (19) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने 20 जुलाई की रात टेस्टिंग रोड स्थित जवाहर स्कूल के पीछे मैदान में दबिश देकर सम्मान रैकवार को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने लूटी गई एक्सिस को टेस्टिंग रोड स्थित एक खंडहर भवन में छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर स्कूटी बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सम्मान रैकवार निवासी मछली बाजार, हनुमानताल, साहिल सेन निवासी शीतला माई, घमापुर और राज सोनकर निवासी खटीक मोहल्ला, घमापुर चौक के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, सम्मान रैकवार के खिलाफ पूर्व से लूट, अवैध वसूली, मारपीट, चोरी, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित 21 अपराध दर्ज हैं। वहीं साहिल सेन के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट के 3 मामले दर्ज बताए गए हैं।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घमापुर प्रवीण कुमरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post