Jabalpur News: दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में NSUI ने निकाला अर्थी जुलूस, पुलिस ने वाटर कैनन से रोका; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने जबलपुर में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सांकेतिक अर्थी जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी सिविल लाइन स्थित साईं मंदिर से जुलूस लेकर महाकौशल महाविद्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिल्ली में उनके युवा Gen-Z साथी पिछले 21 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके विरोध में देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

जबलपुर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर पानी की बौछार की। इसके बाद कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

NSUI नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर भी पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के 48 घंटे के भीतर इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में इस्तीफा नहीं दिया गया, तो NSUI, यूथ कांग्रेस और अन्य सहयोगी संगठन मिलकर और बड़े एवं उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post