दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) महू। इंदौर-इच्छापुर मार्ग स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र के भैरव घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के चलते इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, क्रेन की मदद से खाई में गिरे टेंपो ट्रैवलर को बाहर निकालकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
Tags
madhya pradesh
