Jabalpur News: 'अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा', सिरफिरे आशिक ने 40 लड़कों के साथ दूल्हे के घर में मचाया तांडव; दूल्हा लापता

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र में शादी से ठीक पहले दूल्हे के परिवार पर हमले और घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट तथा महिलाओं के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले दूल्हे रहीम खान पर हमला किया गया, इसके बाद रात में 30 से 40 युवक घर में घुस आए और जमकर उत्पात मचाया। घटना के बाद शादी रुक गई।

पहले दूल्हे को घेरकर पीटा

पीड़ित परिवार के अनुसार रहीम खान की शादी जबलपुर की एक युवती से दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। 12 जुलाई की शाम रहीम किसी काम से बाहर गया था। इसी दौरान उसे फोन कर लोकेशन पूछी गई। कुछ देर बाद तीन-चार युवक मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

रात में घर में घुसकर किया हमला

रहीम की बहन रोशन आरा ने बताया कि उसी रात करीब 8 से 9 बजे के बीच 30 से 40 युवक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की, परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और महिलाओं से अभद्रता की। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में आग लगाने की भी कोशिश की। विरोध करने पर महिलाओं को धक्का देकर गिरा दिया गया। पीड़ितों का कहना है कि पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उनके पास मौजूद हैं।

दुल्हन का आरोप- शादी की तो जान से मारने की धमकी

एसपी कार्यालय पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि वह और रहीम एक-दूसरे को पसंद करते हैं और परिवारों की सहमति से शादी कर रहे थे। उसने बताया कि बेलबाग निवासी आदित्य बैन लगातार धमकी दे रहा था कि "अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।"

युवती के अनुसार कुछ वर्ष पहले उसकी आरोपी से दोस्ती थी, लेकिन बाद में उसने जबरन शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रहीम से विवाह तय होने के बाद से वह लगातार धमकियां दे रहा था।

कार्रवाई नहीं होने का आरोप, रहीम के लापता होने का दावा

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद गोराबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन दो दिन तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने यह भी दावा किया कि हमले के बाद से रहीम लापता है। मंगलवार को परिजन और युवती एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग की।

जांच का आश्वासन

मामले में डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post