Jabalpur News: चेकिंग के दौरान शराबी बाइक सवार ने ASI पर चढ़ाई गाड़ी

Ai Image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत एक बेलगाम बाइक सवार ने पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए ड्यूटी पर तैनात एएसआई (ASI) पर ही सीधी मोटरसाइकिल चढ़ा दी। इस हादसे में एएसआई मोहम्मद रियाज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके पैर में फ्रैक्चर आया है। हालांकि पुलिस टीम ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया।

चेकिंग देखकर बढ़ाई रफ्तार, सीधे मारी टक्कर

विजयनगर थाना प्रभारी अनिल पटेल से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात थाने के ठीक सामने पुलिस द्वारा रूटीन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर पूछताछ और जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक वहां पहुंची। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को सामने देखकर शराब के नशे में धुत युवक घबरा गया और उसने गाड़ी रोकने की बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। आरोपी ने एएसआई मोहम्मद रियाज को कुचलने का प्रयास करते हुए बाइक सीधे उन पर दे मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एएसआई सड़क पर दूर जा गिरे।

भागने की कोशिश नाकाम, आरोपी माढ़ोताल का निवासी

एएसआई को घायल करने के बाद आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर मौके से रफूचक्कर होने की कोशिश की। लेकिन वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया और धर दबोचा। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सचिन साहू (उम्र 24 वर्ष), निवासी आईटीआई, शिव शक्ति नगर, माढ़ोताल के रूप में हुई है। पकड़े जाने के बाद जब आरोपी की प्रारंभिक जांच की गई, तो वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया।

अस्पताल में भर्ती

हादसे के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में घायल एएसआई मोहम्मद रियाज को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने एक्स-रे और जांच के बाद पुष्टि की है कि उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post