Jabalpur News: चौधरी मोहल्ले में चले चाकू, दो युवक गंभीर रूप से घायल; बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर अंतर्गत सुशीला परिसर गेट के पास शराब पीने के लिए पैसे न देने पर चार बदमाशों ने दो दोस्तों पर चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

जानकारी के अनुसार, गोहलपुर के चौधरी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय गौरव चौधरी वेटर का काम करता है। बीती  रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त योगेंद्र उर्फ पंतुल चौधरी के साथ उसके घर से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों दोस्त सुशीला परिसर गेट के अंदर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद नितिन चौधरी, पप्पू चौधरी, अप्पू रैकवार और अक्षय चौधरी ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने गौरव और पंतुल से शराब पीने के लिए 1 हजार रुपये की मांग की। जब दोनों दोस्तों ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर दोनों को हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपी नितिन चौधरी ने अपने पास रखे चाकू से गौरव की बाईं जांघ पर हमला कर दिया। जब दोस्त पंतुल उर्फ योगेंद्र ने बीच-बीच बचाव करने की कोशिश की, तो नितिन ने उस पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे पंतुल की जांघ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित गौरव चौधरी की रिपोर्ट पर गोहलपुर थाना पुलिस ने आरोपी नितिन चौधरी, पप्पू चौधरी, अप्पू रैकवार और अक्षय चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post