Jabalpur News; 'दुकान चलानी है तो देना होगा हफ्ता!', मना करने पर दुकान पर फेंके 'सुअरमार बम'; कट्टा लहराकर बदमाशों ने दी जान से मारने की धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी अंतर्गत गांधी चौक क्षेत्र में रंगदारी (हफ्ता वसूली) और बमबाजी का मामला सामने आया है। इलाके के दो बदमाशों ने एक प्रतिष्ठित किराना व्यापारी को कट्टा अड़ाकर 5 हजार रुपये साप्ताहिक हफ्ता देने की मांग की। व्यापारी द्वारा हिम्मत दिखाकर हफ्ता देने से मना करने पर, बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दुकान के शटर पर सुअरमार बमों से हमला कर दिया। धमाकों की तेज आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। 

रांझी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविदास नगर रांझी निवासी अनिल श्रीपाल (42 वर्ष) गांधी चौक में 'श्रीपाल किराना एवं जनरल स्टोर' के नाम से दुकान संचालित करते हैं। बीती रात करीब 10:15 बजे अनिल अपने छोटे भाई संजय श्रीपाल के साथ दुकान में काम समेट रहे थे। इसी दौरान तालाब मानेगांव निवासी मोनू शुक्ला और विवेक कोल दुकान पर धमके। मोनू शुक्ला के हाथ में देसी कट्टा था। उसने अनिल पर कट्टा तान दिया और गाली-गलौज करते हुए कहा, "मैं यहाँ का गुंडा हूँ, अगर यहाँ किराना दुकान चलानी है तो हर हफ्ते 5 हजार रुपये हफ्ता देना पड़ेगा, नहीं तो जान से खत्म कर दूँगा।" किराना व्यापारी भाइयों ने बदमाशों की इस रंगदारी का पुरजोर विरोध किया और पैसे देने से साफ मना कर दिया। 

इस पर दोनों आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। लेकिन कुछ ही देर बाद मोनू शुक्ला और विवेक कोल दोबारा वापस आए और उन्होंने दुकान को निशाना बनाते हुए शटर पर एक के बाद एक सुअरमार बम दे मारे। बम बेहद तेज आवाज के साथ फटे, जिससे शटर क्षतिग्रस्त हो गया और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बम फोड़ने के बाद भी आरोपी चिल्लाते हुए भागे कि "अगर हफ्ता नहीं दिया, तो अगली बार सीधे जान से मार देंगे।"

Post a Comment

Previous Post Next Post