दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत आकांक्षा अस्पताल के पास एक 18 वर्षीय छात्र पर सरेराह चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात का कारण शराब पीने के लिए पैसे न देना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, खटीक मोहल्ला घमापुर निवासी स्नेहिल सोनकर (18 वर्ष) पढ़ाई करता है। वह कंजड़ मोहल्ले से चाय पीकर पैदल अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह आकांक्षा अस्पताल के बाजू में पहुंचा, तभी वहां मोहल्ले का ही रहने वाला शातिर बदमाश टुकटुक उर्फ आरजू सोनकर मिल गया।
बदमाश टुकटुक ने स्नेहिल का रास्ता रोक लिया और उससे अड़ीबाजी करते हुए शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा। स्नेहिल ने जब सुबह-सुबह इस तरह पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी टुकटुक आपे से बाहर हो गया। उसने सरेराह स्नेहिल के साथ मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
जब स्नेहिल ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी ने जेब से धारदार चाकू निकाला और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू का सीधा वार स्नेहिल के बाएं पैर की जांघ पर लगा, जिससे खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टुकटुक पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गया।
घायल अवस्था में पीड़ित ने परिजनों के साथ बेलबाग थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और आरोपी टुकटुक उर्फ आरजू सोनकर के खिलाफ पंजीबद्ध किया है। बेलबाग थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया गया है। फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Tags
jabalpur
