दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अस्पताल के डॉक्टरों से मारपीट के मामले में शिवसेना (शिंदे गुट) के पार्षद रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर ने नौकरी से इस्तीफा देकर ठाणे छोड़ दिया और कहा कि अब वह कभी वापस नहीं लौटेंगे।
यह घटना कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) के शास्त्री नगर अस्पताल में हुई। अस्पताल के NICU में बेड उपलब्ध नहीं होने पर डॉक्टरों ने नवजात को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। इससे नाराज परिजनों ने पार्षद रमेश म्हात्रे को अस्पताल बुला लिया। आरोप है कि पार्षद और उनके साथियों ने डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की और अस्पताल में हंगामा किया।
पीड़ित डॉक्टर ने कहा कि घटना के बाद वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डर का माहौल है और असामाजिक तत्व नजर रख रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा देकर ठाणे छोड़ने का फैसला किया।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आरोपी पार्षद के व्यवहार को गलत बताया और उसे फटकार लगाई। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि महिला डॉक्टर पर हाथ उठाना अस्वीकार्य है और शिवसेना इस घटना का समर्थन नहीं करती। पार्टी ने आरोपी पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Tags
national
