दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के स्लीपर कोच पर खालिस्तान समर्थक और प्रधानमंत्री विरोधी नारे लिखे मिलने का मामला सामने आया है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस घटना से जुड़ा एक वीडियो जारी किया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई हैं। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और नारे लिखने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के 15 और 17 जुलाई को पंजाब दौरे के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
वीडियो में पन्नू ने मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा का उल्लेख करते हुए युवाओं को भड़काने वाले बयान दिए और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। भारत सरकार ने SFJ पर वर्ष 2019 में UAPA के तहत प्रतिबंध लगाया था, जबकि गुरपतवंत सिंह पन्नू को वर्ष 2020 में आतंकवादी घोषित किया गया था।
गौरतलब है कि 5 जनवरी 2022 को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिरोजपुर दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। उस समय प्रदर्शनकारियों द्वारा रास्ता रोके जाने के कारण प्रधानमंत्री का काफिला एक फ्लाईओवर पर करीब 20 मिनट तक रुका रहा था। बाद में सुरक्षा कारणों से दौरा रद्द कर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हुई जांच में सुरक्षा व्यवस्था में खामियां सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
Tags
national
