दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दमोह से जबलपुर लौट रही एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार कटंगी थाना क्षेत्र में 20 फीट गहरे नाले में गिर गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने कार का कांच तोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई और इलाज के लिए जबलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, रजा चौक निवासी जिशान अली अपने एक साथी के साथ बुधवार देर रात दमोह से जबलपुर लौट रहे थे। प्रज्ञाधाम के पास सड़क पार कर रहे एक जानवर को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी।
घटना देर रात होने और आसपास कोई मौजूद न होने के कारण दोनों युवकों ने खुद ही कार का कांच तोड़कर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। इसके बाद वे किसी तरह जबलपुर पहुंचे, जहां उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में गिरी कार देखकर कटंगी थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त मर्सिडीज को नाले से बाहर निकलवाया।
कटंगी थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि हादसे की सूचना रात में न तो थाने को मिली थी और न ही डायल-112 पर कोई कॉल आया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
