दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में एक बार फिर वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार की आशंका ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। कुख्यात बदमाश छोटू चौबे गैंग से जुड़े 24 वर्षीय कमरान अली पर गुरुवार देर रात तिलवारा पुल के पास चाकू और डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कुख्यात बदमाश छोटू चौबे जे साथ कमरान अली
तिलवारा पुल के पास रोका रास्ता
अस्पताल में इलाज करा रहे पीड़ित कमरान अली ने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात वह तिलवारा पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार में सवार होकर आए अमन कोल, बहत्तर सिंह, निक्की और उनके अन्य साथियों ने फिल्मी स्टाइल में उसका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि कमरान कुछ समझ पाता, कार सवार बदमाशों ने उस पर चाकू और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
रांझी ले जाकर बेरहमी से की मारपीट, अधमरा कर छोड़ा
आरोप है कि हमला करने के बाद आरोपी लहूलुहान कमरान को जबरन अपनी कार में ठूंसकर रांझी क्षेत्र ले गए। वहां एक सुनसान जगह पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे फिर से बेरहमी से पीटा। जब कमरान मरणासन्न स्थिति में पहुंच गया, तो आरोपी उसे वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और पुलिस ने गंभीर हालत में घायल कमरान को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
गैंगवार की आशंका से अलर्ट पर पुलिस
शहर के कुख्यात छोटू चौबे गैंग का नाम सामने आने के बाद पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग और जानलेवा हमले की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur