Jabalpur News: सदर में चाकूबाजी, युवक गंभीर रूप से घायल; 'पेट्रोल खत्म हो गया' कह कर दोस्तों ने बुलाया और मार दिया चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार झिरिया सदर निवासी 19 वर्षीय अनुराग रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सब्जी का व्यवसाय करता है। देर रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्त सिद्धांत खरे के साथ मोहल्ले में घूम रहा था। इसी दौरान परिचित शिवम ठाकुर ने सिद्धांत खरे को फोन कर बताया कि उसकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया है और मदद के लिए ट्रैफिक जाम होटल के पास मुख्य सड़क पर बुलाया।

अनुराग अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा, जहां शिवम ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि शिवम ठाकुर ने शराब पीने के लिए 100-200 रुपये मांगे। अनुराग द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर शिवम ठाकुर और उसके साथियों ने अनुराग के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान शिवम ठाकुर ने चाकू से हमला कर अनुराग की बाईं जांघ, पीठ और बाएं हाथ की अंगुली में चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए सिद्धांत खरे को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

कैंट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिवम ठाकुर एवं उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 118(1), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post