दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। नदियों और नालों के उफान पर आने से कई सड़कें और पुल जलमग्न हो गए हैं, जबकि कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। हरदा में कालीमाचक नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बहने के कारण नर्मदापुरम-खंडवा हाईवे बंद कर दिया गया है।
खंडवा जिले के किल्लौद ब्लॉक के ग्राम गरबड़ी स्थित नाले में बाढ़ आने से खिरकिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी का बहाव कम होने तक किसी भी पुल या नाले को पार करने का प्रयास न करें।
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में शुक्रवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण पार्वती, पपनास और नेवज नदियां उफान पर हैं। खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, भंवरा, बागैर, सिंगारचोरी, हराजखेड़ी, ढकनी और मुगली सहित कई गांवों के घरों में पानी घुस गया है। खेतों में भी जलभराव होने से सोयाबीन की फसल को नुकसान पहुंचा है। अमलाहा-गोलूखेड़ी मार्ग पर अजनाल नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण यातायात प्रभावित है।
भिंड जिले में सिंध नदी के किनारे बसे गांवों में भी दहशत का माहौल है। लगातार बारिश के बीच ग्रामीण संभावित बाढ़ को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं उज्जैन में ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्यप्रकाश सिंह सोनगिरा का शव घटना के करीब 36 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद किया गया। वे तेज बहाव में पुलिया पार करते समय बाइक सहित बह गए थे।
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर में ढाई इंच से अधिक, मंडला में 2.2 इंच, खंडवा में पौने दो इंच, भोपाल में डेढ़ इंच, जबकि दतिया, नौगांव, बालाघाट, रतलाम, बैतूल, धार, नर्मदापुरम, जबलपुर, उमरिया सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है, हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 19 जिलों में शनिवार को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलमग्न पुल-पुलियों से दूर रहने तथा केवल सुरक्षित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
Tags
madhya pradesh
