MP News: राजधानी भोपाल में सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 15 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा के लिए अगले 15 दिनों में तय होंगे रूट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में अब ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन बड़े कदम उठाने जा रहा है। शहर में 15 हजार से अधिक पंजीकृत ई-रिक्शा हैं, लेकिन इनके लिए निर्धारित रूट नहीं होने से कई मार्गों पर भीड़ और अन्य क्षेत्रों में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के बाद प्रशासन ने अगले 15 दिनों में प्रमुख फैसलों को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।

ई-रिक्शा के लिए तय होंगे रूट

प्रशासन शहर में ई-रिक्शा के संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए रूट निर्धारित करेगा। इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी।

16 ब्लैक स्पॉट में से 5 पर सुधार कार्य जारी

जिले के 16 चिन्हित ब्लैक स्पॉट में से 1250 चौराहा, हबीबगंज, 1100 क्वार्टर, व्यापमं और तरुण पुष्कर क्षेत्र में सुधार कार्य चल रहा है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गोविंदपुरा, ट्रेनिंग सेंटर और आईएसबीटी क्षेत्र में भी जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण

मुख्य मार्गों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस, नगर निगम और संबंधित एसडीएम संयुक्त अभियान चलाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।

हेलमेट पहनने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए शहर के मल्टीप्लेक्स और सिनेप्लेक्स में हेलमेट उपयोग पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आईटीएमएस के माध्यम से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को स्थानीय रेस्टोरेंट के कूपन देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं सभी सरकारी विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए शत-प्रतिशत हेलमेट उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नादरा बस स्टैंड नए परिसर में होगा शिफ्ट

बैठक में नादरा बस स्टैंड को नए परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post