दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने के ठीक सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास कर लिया। बीच सड़क पर युवक को आग की लपटों में घिरा देख मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पानी डालकर आग बुझाई गई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज होने की चर्चा
घायल युवक की पहचान प्रभात नगर निवासी गंगाराम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज था। बताया जा रहा है कि रविवार को भी वह अपनी शिकायत लेकर माढ़ोताल थाने पहुंचा था। इसके बाद थाने से बाहर निकलकर उसने सड़क पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्मदाह के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सच्चाई जानने के लिए थाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और उसकी शिकायत किस मामले से संबंधित थी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
फिलहाल युवक मेडिकल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
