दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से इस मानसून में अब तक 219 लोगों की मौत हो चुकी है। राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बीच श्रीगंगानगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मध्य प्रदेश में नर्मदा-मंदाकिनी उफान पर
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। नर्मदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जबलपुर के बरगी डैम के 13 गेट खोल दिए गए हैं। डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे पर पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते गंगा, घाघरा, शारदा, टोंस, सोन और मंदाकिनी समेत कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं और एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए गए हैं।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार तक पहुंच गया है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने के कारण नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
हिमाचल में 219 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून के दौरान बारिश, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य घटनाओं में अब तक 219 लोगों की जान गई है। इनमें 131 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई हैं। प्रदेश में अभी भी बारिश का दौर जारी है और 128 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मौसम विभाग ने बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे गर्म
राजस्थान के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी बढ़ गई है। गुरुवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार को राज्य के 15 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अन्य राज्यों में भी बारिश का असर
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में भी उत्तर और मध्य हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में सलाल डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
Tags
national
