Jabalpur News: दमोह से जबलपुर आ रहा सेब से भरा ट्रक पलटा, चालक मदद के लिए चिल्लाता रहा; लोग सेब लूटते रहे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
दमोह से जबलपुर आ रहा सेब से भरा एक ट्रक  पाटन के आगे शनि मंदिर के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी सेब की पेटियां सड़क पर बिखर गईं और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक क्रमांक MP 15 ZL 1510 किसी व्यापारी की सेब की पेटियां लेकर जबलपुर आ रहा था। पाटन के आगे पहुंचते ही तेज बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक ट्रक के अंदर फंस गया और मदद के लिए आवाज लगाता रहा। काफी मशक्कत के बाद चालक खुद बाहर निकलने में सफल हुआ और घटना की सूचना पाटन थाना पुलिस को दी।

मदद की जगह सेब उठाने में जुटे लोग

ट्रक पलटने के बाद सड़क पर चारों तरफ सेब की पेटियां और सेब बिखर गए। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। चालक के मुताबिक, कई लोग उसकी मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे सेब उठाकर ले जाने लगे। देखते ही देखते लोगों में सेब ले जाने की होड़ मच गई और जिसे जितने सेब हाथ लगे, वह लेकर वहां से निकल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर सेब उठाकर ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद दूसरे ट्रक की मदद से सड़क पर बिखरी सेब की पेटियों को दोबारा लोड कराया गया और उन्हें जबलपुर स्थित व्यापारी के यहां भेजा गया।

हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि ट्रक पलटने और सड़क पर सेब की पेटियां बिखरने के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post