Jabalpur News: हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर बोला धावा, कट्टे की नोंक पर 93 हजार से अधिक की लूट; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-बरेला-मंडला मुख्य मार्ग स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर कर्मचारियों से नकदी लूट ली। बिना नंबर प्लेट की डार्क ब्लू महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन से पहुंचे करीब 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे और धारदार हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 2:37 बजे की है। पेट्रोल पंप पर कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। बदमाशों को हथियारों के साथ देखकर अभिषेक पटेल बाउंड्री वॉल कूदकर मौके से भाग निकला। इसके बाद बदमाशों ने लखन सोयाम को कट्टा दिखाकर उसकी जेब से 9,400 रुपये निकाल लिए।

इसके बाद बदमाशों ने ऑफिस के कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ दिया और अंदर रखी दराज से 49,170 रुपये और 35,305 रुपये के दो कैश पैकेट लूट लिए। वारदात के बाद सभी बदमाश स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात


पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद स्कॉर्पियो से तेजी से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि वाहन की पीछे की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटनास्थल बीजाडांडी थाना क्षेत्र की मनेरी पुलिस चौकी अंतर्गत मढ़ी गांव में आता है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक शशांक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मुख्य मार्ग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post