दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी चौकी अंतर्गत कछपुरा ब्रिज और रेलवे फाटक के बीच एक ठेकेदार पर चाकू एवं धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल ठेकेदार को उपचार के लिए मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार नीरज चड़ार (28), निवासी ग्राम आरछा, पाटन, शास्त्रीनगर में मुकेश पटेल के मकान में किराये से रहता है और बिल्डिंग निर्माण का ठेकेदारी का काम करता है।
नीरज ने पुलिस को बताया कि अनुज पटेल पुष्पनगर स्थित उसके निर्माण स्थल पर लोहे की सरिया बांधने के काम के लिए आया था। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, अनुज के नशे में होने के कारण नीरज ने उसे काम करने से मना कर दिया, जिसके बाद वह नाराज होकर वहां से चला गया। शिकायत के अनुसार, काम खत्म करने के बाद नीरज मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
जब वह कछपुरा ब्रिज और रेलवे फाटक के बीच पहुंचा, तभी अनुज पटेल अपने एक साथी के साथ सड़क किनारे खड़ा मिला। नीरज का आरोप है कि उसे देखकर अनुज ने गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से पकड़कर रोक लिया। इसके बाद कथित रूप से जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया गया। नीरज ने बचने का प्रयास किया, जिससे चाकू उसके गाल में लगा और चोट आई। शिकायत के मुताबिक, अनुज के साथी ने भी धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया।
इसी दौरान नीरज का भाई सीताराम चड़ार और अन्य लोग मौके पर आते दिखाई दिए, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से भाग गए। घायल नीरज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसकी शिकायत पर धारा 109(1), 126(2), 296(ए), 3(5) बीएनएस तथा धारा 3(2)(वी) एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
