दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना ओमती क्षेत्र में जिला न्यायालय परिसर में फर्जी अधिवक्ता कार्ड के जरिए वकालत करने का मामला सामने आया है। अधिवक्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी अधिवक्ता कार्ड का इस्तेमाल करने वाले सचिन ताम्रकार और कार्ड उपलब्ध कराने वाले तपन बर्मन को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 12 बजे सचिन ताम्रकार काला पेंट और सफेद शर्ट पहनकर जिला न्यायालय परिसर में दो व्यक्तियों को जमानत दिलाने के संबंध में चर्चा कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर अधिवक्ताओं ने उससे अधिवक्ता कार्ड मांगा। सचिन द्वारा दिखाए गए कार्ड की जांच में उस पर अधिवक्ता परितोष त्रिवेदी के फर्जी हस्ताक्षर पाए गए।
मामले की सूचना जिला बार को दी गई। जिला बार द्वारा कार्ड की जांच कराने पर उसे फर्जी पाया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने सचिन ताम्रकार को थाना ओमती पहुंचाया।
पुलिस ने सचिन ताम्रकार, उम्र 46 वर्ष, निवासी ज्योति नगर छोटी बजरिया गढ़ा के विरुद्ध धारा 319(1), 336(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में सचिन ने उक्त फर्जी अधिवक्ता कार्ड तपन बर्मन द्वारा दिए जाने की जानकारी दी।
पुलिस ने तपन बर्मन, उम्र 23 वर्ष, निवासी एसबीआई कॉलोनी आनंद कुंज गढ़ा को भी अभिरक्षा में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
