दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और मना करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मारपीट में घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल रांझी लाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि घायल को बेहतर उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया है। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंची पुलिस को शारदा मंदिर के पीछे, रांझी निवासी राम सिंह ठाकुर (51) ने बताया कि वह व्हीकल फैक्ट्री की कैंटीन में काम करता है।वह अपनी मोटरसाइकिल से अपने साथी विक्की रैकवार को छोड़ने मढ़ई जा रहा था। राम सिंह के अनुसार, जैसे ही वह व्हीकल फैक्ट्री के नंबर-1 गेट के आगे पहुंचा, वहां अरमान रजक अपने दो साथियों के साथ खड़ा था।
तीनों ने हाथ देकर उसे रोका और शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये मांगने लगे। राम सिंह ने रुपये देने से मना किया तो तीनों गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोप है कि अरमान रजक ने चाकू से हमला कर राम सिंह की दाहिनी जांघ में चोट पहुंचाई, जबकि उसके एक साथी ने भी चाकू से हमला कर बाईं जांघ में चोट पहुंचाई। इसके बाद तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 126(2), 119(1), 296(बी), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
