Jabalpur News: यूट्यूब देखकर तैयार की 'बाल चोर ब्रिगेड', 70 नाबालिगों को दी चोरी की ट्रेनिंग, मास्टरमाइंड नीतेश गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की वारदातों के पीछे नाबालिगों के एक गैंग का खुलासा हुआ है। आरपीएफ के मुताबिक, बेलबाग निवासी 40 वर्षीय नीतेश कुमार उर्फ नीतू इस गैंग का मास्टरमाइंड था। उसने 12 से 16 साल के करीब 70 बच्चों को अपने साथ जोड़ा था।

नीतेश गरीब बस्तियों से बच्चों को चुनता और उन्हें करीब दो महीने तक चोरी करने तथा पकड़े जाने से बचने की ट्रेनिंग देता था। इसके बाद बच्चों को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और वेटिंग रूम में वारदात के लिए भेजा जाता था। आरपीएफ ने उसे 17 अगस्त को गिरफ्तार किया।

यूट्यूब वीडियो देखकर बनाया गैंग

पूछताछ में सामने आया कि नीतेश ने नाबालिगों को चोरी की ट्रेनिंग देने का आइडिया ऑनलाइन वीडियो देखकर लिया था। वह यूट्यूब पर चोरी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी जुटाता और फिर बच्चों को अपने हिसाब से प्रशिक्षण देता था।

पैर खराब होने के बाद बदला तरीका

आरपीएफ के अनुसार, नीतेश पर चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह खुद भी लंबे समय तक ट्रेनों में चोरी करता रहा। करीब दो साल पहले पैर खराब होने के बाद उसने कुछ समय स्टेशन के आसपास भीख मांगी। इसके बाद खुद वारदात करने के बजाय बच्चों को अपराध में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।

गरीब बस्तियों से बच्चों को बनाता था निशाना

नीतेश जबलपुर की गरीब बस्तियों और रेलवे स्टेशन के आसपास रहने वाले बच्चों को रुपए कमाने का लालच देकर अपने साथ जोड़ता था। कचरा बीनने और सिग्नल के आसपास घूमने वाले बच्चे भी उसके निशाने पर रहते थे।

रेलवे स्टेशन पर करीब 10 साल तक वेंडर रहने के कारण उसे प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और यात्रियों की गतिविधियों की अच्छी जानकारी थी। इसी अनुभव का इस्तेमाल वह बच्चों को वारदात के लिए तैयार करने में करता था।

18 साल होते ही गैंग से कर देता था बाहर

आरपीएफ के मुताबिक, गैंग में केवल नाबालिग लड़के शामिल थे। कोई लड़का 18 साल का होते ही उसे गैंग से बाहर कर दिया जाता था। बाद में गैंग से निकले कुछ युवकों ने अपने अलग गिरोह बना लिए।

ऐसे ही एक पूर्व सदस्य हर्ष सिंह को हाल में पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे चोरी की ट्रेनिंग नीतेश ने दी थी। हर्ष पर 18 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post