दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने स्वर्ण पदकों की संख्या आठ तक पहुंचा दी है। शनिवार को बॉक्सिंग में प्रीति पवार और जैस्मिन लांबोरिया ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि पैरा शॉटपुट की F-57 स्पर्धा में सोमन राणा ने सीजन बेस्ट प्रदर्शन के साथ गोल्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है और टीम पदक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को मात देकर गोल्ड हासिल किया। पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में भारत के जादुमणि सिंह को ऑस्ट्रेलिया के जाई डिकसन से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पैरा एथलेटिक्स की F-57 शॉटपुट स्पर्धा में सोमन राणा ने 13.40 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
एथलेटिक्स के पुरुष ट्रिपल जंप में भी भारत ने दो पदक जीते। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर की छलांग लगाकर जीता।
जूडो में भारत की उन्नति शर्मा ने महिला 63 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में लामुलेला मागागुला को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दूसरी ओर, पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर T54 स्पर्धा में रमेश शनमुगम सातवें स्थान पर रहे, जबकि महिला 10,000 मीटर रेस वॉक में रवीना गायकवाड़ नियम उल्लंघन के कारण डिस्क्वालिफाई हो गईं।
अब भारत की नजर बॉक्सिंग के सात और स्वर्ण पदकों पर है। शनिवार रात साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोरगोहेन, सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। इसके अलावा एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भी भारतीय खिलाड़ी पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे।
Tags
national
