PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी करने वाली नाबालिग का माफी वीडियो वायरल, हाथ जोड़कर बोली- बहकावे में आ गई थी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय किशोरी का माफी मांगने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहती है कि वह भीड़ और माहौल के बहकावे में आ गई थी तथा भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी।

वीडियो में किशोरी कहती है, "मैं सिर्फ 15 साल की हूं। दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहां छात्र प्रदर्शन चल रहा था और कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। मैं भी उसी माहौल में बहक गई। यह मेरी पहली और आखिरी गलती थी।"

इस मामले में 30 जुलाई को नोएडा में किशोरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। माफी का वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सरकार अब यह मामला वापस लेगी।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि बचपन में गलतियां हो जाती हैं और उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे गुमराह बच्चों को सही राह दिखाने का समय है और वह उन्हें माफ करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान किशोरी का प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू हुई, जबकि अब किशोरी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post