दतिया उपचुनाव: हार पर आशुतोष तिवारी बोले- नरोत्तम मिश्रा की जिम्मेदारी जांच समिति तय करेगी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी ने अपनी हार को लेकर कहा कि कांग्रेस के कथित षड्यंत्र को पार्टी समय रहते समझ नहीं पाई। उन्होंने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि इसकी समीक्षा पार्टी की जांच समिति करेगी।

भाजपा मुख्यालय पहुंचे आशुतोष तिवारी ने कहा कि चुनाव में कुछ ऐसी कमियां रहीं, जिनकी वजह से पार्टी विपक्ष की रणनीति को नहीं समझ सकी। उन्होंने कहा कि यदि अनजाने में भी कुछ लोग कांग्रेस के षड्यंत्र का हिस्सा बने हैं, तो उनकी भी समीक्षा की जाएगी।

जब उनसे पूछा गया कि हार के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा को कितना जिम्मेदार मानते हैं, तो उन्होंने कहा कि इसका फैसला जांच समिति करेगी और वही पूरी समीक्षा के बाद अपनी रिपोर्ट देगी।

तिवारी ने स्पष्ट किया कि अभी किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में कहीं न कहीं चूक जरूर हुई है, जिसकी समीक्षा के बाद ही आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वह एक सामान्य कार्यकर्ता की भूमिका में रहेंगे और पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा से हाल ही में हुई मुलाकात पर आशुतोष तिवारी ने कहा कि यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी और इसके कोई राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए।

गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया था। हार के बाद भाजपा प्रदेश संगठन ने कारणों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है। प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर दतिया भाजपा की पूरी जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post