MP News: नरसिंहपुर में तीसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र में तीसरी कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के 28 वर्षीय पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर छात्रा घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और शाम को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। देर रात गांव से कुछ दूरी पर जंगल में बच्ची का शव बरामद हुआ। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची को आखिरी बार आरोपी के साथ देखा गया था। पूछताछ और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर बाइक से जंगल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान बच्ची के विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई और शव जंगल में छोड़कर फरार हो गया।

जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन कर जांच की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा और अभियोजन पक्ष फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई की मांग करेगा।

घटना के विरोध में गुरुवार को गोटेगांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों ने प्रदर्शन किया तथा आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post