दिल्ली में सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, शख्स ने फेंका जूता; समर्थकों ने पकड़ा, हत्या की कोशिश का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति ने उन पर जूता फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद मौजूद समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि आरोपी चाकू लेकर आया था और उनकी हत्या की कोशिश करने की मंशा रखता था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और उनके खिलाफ भड़काऊ बयान दिए जा रहे हैं। उनके अनुसार, पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

इधर, इससे पहले वाराणसी में राहुल गांधी, पप्पू यादव और सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। यह कार्रवाई संसद परिसर के बाहर राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के संबंध में हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस प्रदर्शन से सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुई हैं।

घटना को लेकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल जूता फेंकने और कथित हत्या की कोशिश के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post