दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। ED की टीम सुबह करीब 7 बजे छह गाड़ियों से यूनिवर्सिटी पहुंची। करीब 15 अधिकारियों की टीम परिसर में दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सिटी के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
ED की यह कार्रवाई रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में करीब 10 ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इनमें जौहर ट्रस्ट से जुड़े सहारनपुर के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) दीपक गुप्ता के कार्यालय और आवास भी शामिल हैं।
सरकारी ठेकों के पैसों की जांच
सूत्रों के मुताबिक, ED प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसी को कथित तौर पर ऐसे वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली है, जिनमें सरकारी ठेकों से प्राप्त धनराशि को जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट तक पहुंचाए जाने का आरोप है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सरकारी ठेकों का पैसा किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी तक पहुंचा और उसका इस्तेमाल किन कामों में किया गया।
छापेमारी के बीच चल रही हैं यूनिवर्सिटी की कक्षाएं
ED की कार्रवाई के बावजूद जौहर यूनिवर्सिटी में कक्षाएं चल रही हैं। छात्रों को पहचान पत्र की जांच के बाद परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि अभिभावकों को गेट से ही वापस भेजा जा रहा है। बारिश के दौरान यूनिवर्सिटी के बाहर तैनात पुलिसकर्मी भी कुछ समय के लिए अंदर चले गए।
यूनिवर्सिटी की इमारतों को लेकर भी विवाद
जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में है। 15 जुलाई को रामपुर के जिलाधिकारी ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। प्रशासन का आरोप था कि इन इमारतों का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया। हालांकि, मुरादाबाद के कमिश्नर आन्जनेय सिंह की अदालत ने DM के आदेश पर रोक लगा दी थी। मामला फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया में है।
आजम खान पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े परिसरों पर इससे पहले भी जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं। जुलाई 2019 में ED ने यूनिवर्सिटी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दस्तावेज जब्त किए थे। सितंबर 2023 में इनकम टैक्स विभाग और ED ने आजम खान के आवास तथा जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ठिकानों पर करीब तीन दिनों तक छापेमारी की थी। इसके बाद संदिग्ध बैंक लेन-देन को लेकर ED ने समन भी जारी किए थे।
Tags
national
