बारिश का कहर: प्रयागराज में घरों में घुसा पानी, बिहार में नदी में बहा स्कूल; हिमाचल और उत्तराखंड में 6 मौतें

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/लखनऊ/पटना/भोपाल। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। घरों में बेड, सोफा और अन्य सामान तक डूब गए हैं। रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन रेलवे ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं। जिले में लगातार दूसरे दिन स्कूल बंद रखे गए हैं।

बिहार में नदी के कटाव से स्कूल बहा

बिहार के बगहा में गंडक नदी के तेज कटाव ने एक प्राथमिक स्कूल को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के पांच में से चार कमरे नदी में बह गए हैं। बचा हुआ हिस्सा भी कटाव के खतरे में है।

हिमाचल और उत्तराखंड में 6 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश के दौरान लैंडस्लाइड की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ट्रक ड्राइवर और नेपाल के दो मजदूर शामिल हैं। राज्य में बारिश के कारण 88 सड़कें बंद हैं।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में भी लैंडस्लाइड से तीन लोगों की जान चली गई। राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण 124 सड़कें बंद हैं।

पिथौरागढ़ में पुल नदी में समाया

पिथौरागढ़ में चट्टानें गिरने से BRO का कुलागाड़ वैली ब्रिज काली नदी में समा गया। पुल टूटने के कारण कैलाश मानसरोवर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है।

यूपी के 13 जिलों में बाढ़

उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। करीब 84 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन ने अब तक 4,800 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबलपुर समेत 12 जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

ओडिशा में 9 लाख लोग प्रभावित

ओडिशा के छह जिलों में बाढ़ से 9 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 1,000 करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान किया है।

अगले दो दिन भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और सड़क-पुलों के क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में बचाव कार्यों में जुटी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post