दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कमरे में लगे कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती अंजलि असाटी की मौत हो गई। अंजलि हाल ही में 12वीं कक्षा में 84 प्रतिशत अंकों के साथ पास हुई थी और उसके पिता उसे आगे की पढ़ाई के लिए कोटा भेजने की तैयारी में थे। इस हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया है।
रात को चादर लेने उठी, कूलर के पास आते ही लगा झटका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंजलि असाटी (19) मंगलवार रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच अपने कमरे में सो रही थी। देर रात ठंड लगने पर वह बिस्तर से चादर उठाने के लिए उठी। जैसे ही वह कमरे में चल रहे कूलर के पास से गुजरी, अचानक उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गई। करंट का जोरदार झटका लगते ही अंजलि अचेत होकर वहीं गिर पड़ी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना के तुरंत बाद परिजन अंजलि को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गोसलपुर थाना पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।
पढ़ाई में होनहार थी अंजलि, कोटा जाने का था सपना
अंजलि पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा में 84% अंक हासिल किए थे। उसके पिता राजकुमार असाटी बेटी के इस प्रदर्शन से बेहद खुश थे और उसे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा शहर भेजने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन एक हादसे ने परिवार के सारे सपनों को चकनाचूर कर दिया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
