Jabalpur News: अवैध कॉलोनी पर चला नगर निगम का बुलडोजर, 65 लाख की शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम द्वारा अवैध निर्माण और शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के सख्त निर्देश पर नगर निगम की कॉलोनी सेल और अतिक्रमण दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए परसवाड़ा क्षेत्र में लगभग 900 वर्गमीटर बेशकीमती सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया है। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि वार्ड क्रमांक 16 (महाराणा प्रताप वार्ड) के मौजा परसवाड़ा स्थित खसरा नंबर 118/1/1 एवं 118/1/2 की भूमि पर बिना अनुमति अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इतना ही नहीं, कॉलोनी के पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड) के लिए भू-माफियाओं ने पास ही स्थित शासकीय खसरा नंबर 118/2 की भूमि पर अनाधिकृत रूप से निर्माण कर कब्जा जमा लिया था।

अवैध कॉलोनी का निर्माण करा रहे ध्रुव भोला एवं रूपेश तिवारी को नगर निगम द्वारा पूर्व में नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन तय सीमा के भीतर निर्माणकर्ताओं द्वारा कोई भी वैधानिक स्वीकृति या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध मार्ग और बनाए गए अवैध ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे, सहायक अतिक्रमण अधिकारी दीपेंद्र रावत, मनोज तिवारी सहित कॉलोनी सेल और अतिक्रमण शाखा का पूरा अमला तैनात रहा। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कॉलोनी निर्माण और सरकारी जमीनों पर कब्जे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post