Jabalpur News: फर्जी महिला को जमीन मालिक बनाकर बेचा प्लॉट, 34.60 लाख हड़पने पर बिल्डर समेत 3 पर FIR

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में फर्जीवाड़ा कर विवादित प्लॉट बेचने और 34 लाख 60 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी संजू ठाकुर, बिल्डर महेंद्र दुबे और उसके सहयोगी विवेक साहू के खिलाफ धारा 420 और 34 (भादवि) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया है।

दमोह जिले के हटा (चंडी जी वार्ड) निवासी पीड़िता श्रीमती सावित्री अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने ग्राम औरिया स्थित श्री राम रेसीडेंसी फेज-II में प्लॉट नंबर 77 (क्षेत्रफल 3471 वर्गफुट) क्रय किया था। इसके लिए बिल्डर महेंद्र दुबे और उसके साथी विवेक साहू के जरिए विक्रेता संजू ठाकुर को रजिस्ट्री और प्लॉट की कुल कीमत के रूप में 34,60,000 रुपये (आरटीजीएस, चेक और नकद) चुकाए गए थे। आरोपियों ने जमीन को पूरी तरह से निर्विवाद और साफ-सुथरा बताकर झांसे में लिया था।

सितंबर 2023 में जब हाई कोर्ट के एडवोकेट द्वारा पीड़िता को नोटिस मिला, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पड़ताल में सामने आया कि उक्त भूमि 1989 से श्रीमती पूनम गोयल के नाम पर दर्ज थी, जो मुंबई में रहती थीं। आरोपी संजू ठाकुर ने 2013 में किसी अन्य अज्ञात महिला को 'पूनम गोयल' बनाकर फर्जी तरीके से जमीन अपने नाम करा ली थी।

जब असली मालकिन को इस जालसाजी का पता चला, तो कानूनी कार्रवाई के बाद तहसीलदार पनागर, एसडीएम और संभागीय कमिश्नर ने संजू ठाकुर का नामांतरण निरस्त कर दिया। सिविल कोर्ट (22वें सिविल न्यायाधीश वरिष्ठ खंड जबलपुर) ने भी 29 जनवरी 2025 को संजू ठाकुर की 2013 वाली रजिस्ट्री को प्रारंभतः शून्य (निरस्त) घोषित कर दिया।

जब पीड़िता ने धोखाधड़ी पर अपने पैसे वापस मांगे, तो बिल्डर महेंद्र दुबे ने बैंक लोन और ब्याज चुकाने का वादा करते हुए 34.60 लाख रुपये के यूनियन बैंक के तीन चेक थमा दिए। लेकिन मार्च 2025 में जब पीड़िता ने बैंक में चेक लगाए, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने (Funds Insufficient) के कारण चेक बाउंस हो गए।

न्यायालयीन प्रकरण लंबित होने और रजिस्ट्री निरस्त होने के बावजूद आरोपियों द्वारा फर्जी प्रचार-प्रसार कर धोखाधड़ी से जमीन बेचने, पैसे हड़पने और बैंक चेक बाउंस होने पर माढ़ोताल पुलिस ने तीनों आरोपियों (संजू ठाकुर, महेंद्र दुबे और विवेक साहू) के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post