Jabalpur News: लापता युवक का हिरन नदी में मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र के टंगवा गांव निवासी 35 वर्षीय अजीत पटेल का शव मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हिरन नदी के केथरा घाट पर पानी में उतराता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।

पुलिस को अजीत की पैंट की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अजीत पटेल के रूप में की।

परिजनों के मुताबिक, अजीत करीब चार दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। परिवार और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। हालांकि, परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।

अजीत के पिता नरेश पटेल ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था और कभी-कभी तीन-चार दिन तक घर से बाहर रहता था। वह एक निजी स्कूल की बस चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और करीब सात साल का एक बच्चा है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अजीत हिरन नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस नदी में गिरने समेत अन्य संभावनाओं की जांच कर रही है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिहोरा मर्चुरी भेज दिया गया है।

गोसलपुर टीआई गाजीवति पुसाराम ने बताया कि युवक करीब चार दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post