MP News: रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों की बल्ले-बल्ले, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिया तोहफा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर पहुंचे, जहां उन्होंने त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके बाद वे उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में एक क्लिक के जरिए कुल 2,148.30 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। प्रत्येक बहना के खाते में नियमित मासिक किस्त के 1,500 रुपए और रक्षाबंधन के उपहार के 250 रुपए, यानी कुल 1,750 रुपए भेजे गए।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं पर फूल बरसाए। प्रभारी मंत्री राधा सिंह और लाड़ली बहनों ने उन्हें राखी बांधी। इस दौरान उन्होंने एनआरएलएम समूह की महिलाओं से एक टोपी भी खरीदी और नए जिला अस्पताल परिसर का जायजा लिया।

256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने मैहर जिले में करीब 256 करोड़ रुपए की लागत वाले 25 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें लगभग 151 करोड़ रुपए के 12 कार्यों का भूमिपूजन और 105 करोड़ रुपए के 13 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

‘मां शारदा लोक’ फेज-1 का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने 8.95 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ‘मां शारदा लोक फेज-1’ का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से मैहर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति की अध्यक्ष एवं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और एसडीएम दिव्या पटेल ने मुख्यमंत्री को मां शारदा की तस्वीर भेंट की।

Post a Comment

Previous Post Next Post