Jabalpur News: अपनी ही सरकार पर बिफरे पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, बोले- भ्रष्टाचार के कारण सड़कों की हालत बदहाल, जनता मांग रही जवाब; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश में खराब सड़कों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए हैं। पाटन विधायक ने पीडब्ल्यूडी और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की बदहाल स्थिति के लिए कथित विभागीय भ्रष्टाचार को जिम्मेदार बताया।

विश्नोई ने कहा कि पीडब्ल्यूडी हो या प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, दोनों विभागों की सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि जनता खराब सड़कों से परेशान होकर सरकार को कोसती है और स्थानीय विधायक से जवाब मांगती है।

उन्होंने शाहपुरा-पाटन क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि सड़क और पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों का दबाव वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ गया है। इससे इन सड़कों की स्थिति और खराब हो रही है।

विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदार कम दरों पर टेंडर हासिल करते हैं। उनके मुताबिक, मुनाफे और अधिकारियों को कथित रिश्वत देने के बाद निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त राशि नहीं बचती, जिसका असर सड़क की गुणवत्ता पर पड़ता है।

अजय विश्नोई ने सरकार और पीडब्ल्यूडी से व्यवस्था में तत्काल सुधार करने तथा निर्माण कार्यों में बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने खराब सड़कों के मामले में हाईकोर्ट की सख्ती का भी स्वागत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post