दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए मंगाए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विजय नगर क्षेत्र में एक छात्रा ने ऑनलाइन पनीर मोमोज ऑर्डर किए। डिलीवरी मिलने के बाद पैकेट खोलने पर उसमें कीड़े दिखाई देने का दावा किया गया। छात्रा के मुताबिक, कुछ कीड़े मृत थे, जबकि कुछ मोमोज पर चिपके हुए नजर आए।
मामला विजय नगर स्थित पॉपुलर फ्रेश मोमोज एन मोर से जुड़ा बताया जा रहा है। गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने बताया कि उसने ऑनलाइन पनीर मोमोज मंगाए थे। ऑर्डर मिलने के बाद जैसे ही उसने पैकेट खोला, उसमें कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद छात्रा ने तत्काल संबंधित विक्रेता से शिकायत की।
छात्रा के अनुसार, शिकायत के बाद विक्रेता की ओर से ऑर्डर वापस करने के लिए कहा गया। हालांकि, छात्रा का कहना है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर उठे सवाल का समाधान केवल पैकेट वापस लेने से नहीं होता। उसने बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई, पैकिंग और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
मामले को लेकर खाद्य विभाग का कहना है कि यदि इस संबंध में औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है तो खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत जांच की जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य सामग्री में कीड़े किस स्तर पर पहुंचे और इसके लिए विक्रेता की कोई लापरवाही थी या नहीं।
Tags
jabalpur
