दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश में छात्र संघ चुनाव की सुगबुगाहट के बीच कॉलेजों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार शाम शासकीयम महाकौशल कॉलेज परिसर उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। मूसलाधार बारिश के बीच दोनों छात्र गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
NSUI के अनुराग शुक्ला ने ABVP पर कॉलेज परिसर में जबरन रसीद काटकर सदस्यता अभियान चलाने और अराजकता फैलाने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि NSUI लैब, कंप्यूटर सुविधाओं में सुधार और बाहरी तत्वों का प्रवेश रोकने जैसी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने आई थी, लेकिन ABVP कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
वहीं दूसरी ओर, ABVP के सदस्य माखन शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपना सदस्यता अभियान चला रहा था। उन्होंने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि NSUI कार्यकर्ता बेवजह विरोध प्रदर्शन कर कॉलेज का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे आम छात्रों ने नकार दिया।
प्रदर्शन के दौरान दोनों गुटों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मुस्तैदी और समय रहते की गई कार्रवाई के कारण दोनों पक्षों के बीच कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, तेज बारिश के बावजूद दोनों संगठनों के कार्यकर्ता काफी देर तक कॉलेज परिसर के बाहर डटे रहे।
Tags
jabalpur
