CJP कार्यकर्ताओं से मारपीट, स्कूल निरीक्षण को लेकर विवाद; अभिजीत दीपके बोले- मारपीट करने वाले गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया, तो मैं जयपुर आऊंगा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जयपुर। बगरू के रामपुरा गांव में जर्जर सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को विवाद बढ़ गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

CJP का आरोप है कि ग्रामीणों और कथित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया, पथराव किया और वाहनों व मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाया। पार्टी के अनुसार आशुतोष रांका समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कई अन्य को भी चोटें आईं। घायलों को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि CJP के बड़ी संख्या में लोग गांव में पहुंचे थे और स्कूल के मुद्दे पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग हथियार लेकर आए थे और विरोध के बावजूद दोबारा गांव में पहुंचे, जिसके बाद विवाद बढ़ा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि स्कूल की मरम्मत के लिए सरकार की ओर से करीब 12.5 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।

रामपुरा का सरकारी स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को करीब 50 मीटर दूर एक दूसरे स्थान पर पढ़ाया जा रहा है। वहां टीनशेड के नीचे कक्षाएं चल रही हैं। स्कूल की खराब स्थिति को लेकर CJP निरीक्षण करने पहुंची थी।

आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि हमला सुनियोजित था और इसके पीछे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का हाथ है। उन्होंने हमलावरों की गिरफ्तारी और स्कूल निरीक्षण से जुड़े सरकारी आदेश को वापस लेने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी कहा कि यदि 48 घंटे में स्कूल की मरम्मत शुरू नहीं हुई और हमले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह जयपुर आकर स्कूल के सामने धरने पर बैठेंगे।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने CJP पर पलटवार करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में व्यवधान पैदा करने का विरोध होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP राजस्थान में ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रही है जैसा जंतर-मंतर पर हुआ था।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। डोटासरा ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले ग्रामीण नहीं बल्कि भाजपा कार्यकर्ता थे। पायलट ने कहा कि सरकार स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आने से रोक रही है।

पुलिस के अनुसार, CJP कार्यकर्ताओं को पहले भी गांव से लौटने के लिए कहा गया था। पुलिस का दावा है कि उनके दोबारा पहुंचने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ा और मारपीट हुई। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post